- दुधारा क्षेत्र के रूधौली गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां/लोहरौली। मंगलवार की रात दुधारा क्षेत्र के रूधौली गांव में युवक का शव संदिग्ध हालात में घर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची दुधारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
दुधारा क्षेत्र के रूधौली गांव निवासी महातम 19 वर्ष पुत्र राम नरेश का शव संदिग्ध हालात में घर में कमरे में गले में रस्सी का फंदा लगाकर बांस के सहारे लटका मिला। मृतक के पिता राम नरेश पुत्र सदरी की सूचना पर पहुंचे दुधारा एसओ जयप्रकाश दूबे ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक महातम शाम को घर आया और कमरे में चला गया। शाम करीब आठ बजे भोजन के लिए महातम की खोज शुरू हुई। घर के पीछे कमरे में महातम का होना बताया गया। कमरा अंदर से बंद था। आवाज देने पर जब दरवाजा नहीं खुला, तब दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो महातम का रस्सी के फंदा से बांस के सहारे लटकता मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। एसओ जयप्रकाश दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को मुंबई जाने वाला था महातम
सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के रूधौली गांव के राम नरेश के तीन बेटों में महातम तीसरे नंबर का बेटा है। माता कमला देवी ने बताया कि बेटा किस वजह से फांसी लगा लिया, समझ नहीं आ रहा है। बुधवार को मुंबई कमाने जाने को कह रहा था। बड़े बेटे राम अवतार की शादी हो गई है। दो बेटियों की भी शादी हो गई है। मृतक के पिता नरेश व बड़ा भाई दोनों राजमिस्त्री का काम करते हैं।
दूसरा बेटा गौतम मुंबई में रहता है। भाई की मौत की सूचना पर मुंबई से घर के लिए रवाना हो गया है। महातम भी मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता था। पिछले मई माह में ही वह मुंबई से घर आया था। 31 जुलाई को मुंबई जाने को कह रहा था। महातम मोबाइल का बहुत शौकीन था। माता कमला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। माता कमला देवी ने बताया कि बेटे को आखिर ऐसा क्या हो गया कि मौत को गले लगा लिया। पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।