-शहर के नेदुला मोहल्ले के रहने वाला था किशोर
- किशोर की दाहिनी आंख बाहर निकल गई थी, गर्दन और ललाट पर चोट के निशान
- दो किशोर और दो अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया हत्या का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर के नेदुला मोहल्ले के रहने वाले चौथी कक्षा के छात्र की हत्या कर फेंकी गई लाश छोटी पटखौली के बुधना तालाब में सोमवार की भोर में मिली। किशोर की दाखिनी आंख बाहर निकल गई थी और गर्दन व माथे पर चोट के निशान दिखाई दिए। पीड़ित पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए दो किशोर और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई।
नेदुला निवासी हरिओम गोड़ पुत्र बृजभान ने बताया कि उसका 11 साल का इकलौता बेटा रवि कुमार कक्षा चार में पढ़ता था। बेटा रवि रविवार को मोहल्ले के दो किशोरों के साथ दिन में दो बजे घर से निकला था। दोनों किशोर तो शाम चार अपने घर पहुंच गए लेकिन उसका बेटा घर नहीं पहुंचा। लापता बेटे की तलाश शुरु की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पूछताछ करने पर दोनों किशोर इधर- उधर की बात बताने लगे। दोनों किशोरों ने उनके बेटे के छोटी पटखौली के बुधना तालाब में डूबने की जानकारी दी। सूचना पर रात में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रात साढ़े तीन बजे बेटे की लाश बुधना तालाब में मिली।
पिता हरिओम गोड़ ने बताया कि बेटे के शरीर पर तरह- तरह के घाव और धारदार हथियार से चोट पहुंचाने के निशान दिखाई दिए। बेटे की दाहिना आंख बाहर निकल गया था। गर्दन और ललाट पर गंभीर चोटों के निशान थे। पीड़ित पिता ने दोनों किशोर और दो अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक देने का आरोप लगया।
आरोप है कि लोगों ने बेटे की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव को तालाब में फेंका है। इधर सूचना पर एएसपी संताेष सिंह, सीओ दीपांशी राठौर और कोतवाल सर्वेश राय ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
कोट
पीड़ित पिता ने हत्या कर शव को पोखरे में फेंकने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर दोनों किशोर और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने की कोशिश के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सर्वेश राय, कोतवाल