ट्रैक के किनारे मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका
- मौके से मिली युवक की दो मोबाइल, सिम था गायब
- जिले के टॉपटेन अपराधियों की सूची में शामिल था युवक
- तीन दिन पहले की लखनऊ जेल से छूट कर आया था घर
- विभिन्न थानों में दर्ज है गैंगेस्टर समेत 11 मुकदमे
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मंगलवार को मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग से 50 मीटर पूरब अप ट्रैक के किनारे एक युवक की लाश मिली। सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान मुखलिसपुर निवासी 26 वर्षीय विशाल उपाध्याय पुत्र विष्णु उपाध्याय के रूप में हुई। शव की स्थिति देख कर लोगों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस के मुताबिक विशाल उपाध्याय का नाम जिले के टॉपटेन अपराधियों की सूची में था।
मुखलिसपुर निवासी 26 वर्षीय विशाल उपाध्याय पुत्र विष्णु उपाध्याय की लाश मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने ट्रैक की अप पटरी के किनारे देखा और शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। बाद में आरपीएफ, जीआरपी और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूचना के बाद में पीड़ित परिजन भी मौके पर पहुंच गए। लोग यहीं बता रहे थे कि विशाल कुछ गलत सोहबत में पड़ गया था। वह कई बार जेल गया था। लखनऊ में किसी युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी मामले में वह लखनऊ जेल में करीब दो माह तक बंद था। तीन दिन पूर्व ही जेल से छूट कर घर आया था। पीड़ित पिता विष्णु उपाध्याय ने बताया कि बेटा विशाल से सोमवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसकी मोबाइल पर बात हुई थी और वह थोड़ी देर में घर लौटने की बात बताया था। गलत सोहबत में पड़ जाने की वजह से बेटा बहक गया था। बेटे की मौत से पिता गमगीन थे और कुछ और बता पाने की स्थिति में नहीं थे। घटना से बडे़ भाई और मां विश्वमती उपाध्याय भी गमगीन थी।
मौके से विशाल की दो मोबाइल मिली लेकिन उसके सिम गायब होने का जिक्र लोग कर रहे थे। कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले के टॉपटेन अपराधियों की सूची में विशाल उपाध्याय का नाम दर्ज है। उसके खिलाफ गैंगेस्टर समेत विभन्नि संगीन धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज है। प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने का मामला सामने आ रहा है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।