- धनघटा क्षेत्र के खेवसिया गांव के पास हुआ हादसा
- बहन के साथ स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। धनघटा क्षेत्र के खेवसिया गांव के पास मंगलवार की सुबह अनियंत्रित डीसीएम ने छात्रा को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेवसिया गांव निवासी अर्पिता (7) पुत्री राधेश्याम बहन के साथ सुबह के समय स्कूल जा रही थी। राम जानकी मार्ग पर पहुंचने के बाद दोनों बहनें स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं, उसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम ने छात्रा को चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे लोगों में से किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भेज दिया।
डीसीएम को पुलिस कब्जे में लेकर थाना धनघटा पर आकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई। छात्रा कंपोजिट विद्यालय खेवसिया में कक्षा एक में पढ़ती थी। एसओ धनघटा अनिल कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। घटना के संबंध में शिकायत मिलने पर डीसीएम चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।