निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय कोवाटाड़ बंद मिला।
- फोटो : अमर उजाला
जिला समन्वयक मध्याह्न भोजन ने शुक्रवार को खलीलाबाद विकास खंड के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। जहां एक विद्यालय बंद मिला तो एक विद्यालय पर दो शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिलीं। इसके साथ ही दो विद्यालयों में एमडीएम की गुणवत्ता काफी खराब मिली है। कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट बीएसए को प्रस्तुत कर दी है।
डीसी एमडीएम धीरेंद्र प्रताप चंद ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय मीरगंज द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय मीरगंज प्रथम का निरीक्षण किया गया। जहां पर एमडीएम की गुणवत्ता काफी खराब मिली। तहरी की जगह खिचड़ी बन रही थी वह भी गुणवत्ता पूर्ण नहीं थी। ब्रांडेड मसाले की जगह लोकल मसाला प्रयोग किया जा रहा था। जो बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। छात्र संख्या भी कम है। उच्च प्राथमिक विद्यालय भुजैनी में शैक्षिक स्तर काफी खराब मिला है। बच्चों को गणित और सामान्य ज्ञान की कोई भी जानकारी नहीं है।
प्राथमिक विद्यालय भुजैनी में सहायक अध्यापिका किरन देवी और शमीमा खान अनुपस्थित थी। विद्यालय का शैक्षिक गुणवत्ता काफी खराब था। बच्चों से सवाल किए तो वे कुछ भी जवाब नहीं दे पाए। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालय कोवाटाड़ बंद मिला। उन्होंने बताया कि समस्त विद्यालयों पर कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रस्तुत कर दी गई है।