संतकबीरनगर। डीएवी इंटर काॅलेज मेंहदावल में बुधवार को माध्यमिक विद्यालयों की जिला स्तरीय टेबल टेनिस व बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में जनपद की कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें टेबल टेनिस के बालक व बालिका के सभी वर्गों में प्रतिभागी न होने के कारण वाक ओवर देते हुए डीएवी इंटर काॅलेज को विजेता घोषित किया गया। जबकि बैडमिंटन की प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग डीएवी इंटर कॉलेज मेंहदावल विजेता और एचआर इंटर कॉलेज उप विजेता रहा।
खेल सचिव जोखू प्रसाद ने बताया कि बैडमिंटन के जूनियर बालक वर्ग में डीएवी इंटर काॅलेज मेंहदावल जबकि आदर्श कृषक इंटर काॅलेज सिस्टीकर उप विजेता रहा। सब जूनियर बालक वर्ग डीएवी इंटर मेंहदावल विजेता जबकि श्री जगतगुरु शंकराचार्य विद्यालय इंटर कॉलेज मेंहदावल उप विजेता रहा। इसी तरह से बालिका वर्ग सीनियर डीएवी इंटर काॅलेज मेंहदावल विजेता तथा वेणी माधव गोपीनाथ इंटर काॅलेज बखिरा उप विजेता रहा।
बालिकाओं की जूनियर तथा सब जूनियर में डीएवी इंटर काॅलेज मेंहदावल विजेता तथा पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज उप विजेता रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य कौशलेन्द्र प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है इसलिए पठन-पाठन के साथ साथ खेल आवश्यक है।
उस अवसर पर उमेश कुमार गौतम, रामानन्द पाण्डेय, सभान्चन्द, रवि शंकर पाण्डेय, जय कुमार अग्रहरी, इश्तहार, राव प्रकाश सिंह, सुधीर कुमार, अमरजीत वर्मा, सविता यादव, सदानन्द यादव आदि मौजूद रहे।