संतकबीरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तीकरण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 557 महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने गांवों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के धरमपुर, दुधारा थाना क्षेत्र के पिपरा बोरिंग, रसूलपुर व खटियांवा, महुली के जगदीशपुर, मेंहदावल के करहना व टड़वरिया, बखिरा के तुरहा टोला, बेलहरकला के कंधारपार तथा धर्मसिंहवा क्षेत्र के सेवाइचपार सहित विभिन्न गांवों में चौपाल लगाई गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष तथा अन्य महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संवाद