धनघटा। क्षेत्र के छपरा मगर्बी गांव निवासी बुजुर्ग को इलाज कराने के लिए अपने ससुराल लेकर गई बेटी ने उनकी प्रॉपर्टी अपने नाम बैनामा करा ली। जानकारी होने के बाद बेटा अपने बुजुर्ग पिता को साथ लेकर बहन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के चौखट का चक्कर लगा रहा है।
प्रेमचंद पुत्र मेवा लाल का आरोप है की दो वर्ष पहले उसने अपनी बहन मनीता की शादी क्षेत्र के कुरमौल गांव निवासी चंदन कुमार के साथ किया था। शादी के बाद भी मनीता का आना जाना बराबर मायके लगा रहता था। तीन माह पहले मनीता पिता मेवालाल को इलाज कराने के बहाने अपने ससुराल ले गई। पिता अनपढ़ और गंवार है। आरोप है कि पिता को धनघटा रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर उनके नाम की जमीन अपने नाम बैनामा करा ली। उसके बाद पिता को घर भेज दी। जमीन के बैनामा कराने की जानकारी जब प्रेमचंद को हुई तो उसके पांव तले से जमीन खिसक गई। अपने पिता को साथ में लेकर प्रेमचंद अधिकारियों के दरवाजे का चक्कर काट रहा है। संवाद