केक काटकर सब बोले, हैप्पी न्यू ईयर
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। नव वर्ष 2018 का स्वागत लोगों ने अपने - अपने तरीके से किया। ठंड के साथ ही गलन बढ़ने के बाद भी लोग देर रात तक जगे रहे और 12 बजने का इंतजार करते रहे। रात में 12 बजते ही लोगों ने केक काटा और पटाखा फोड़ नए साल का स्वागत किया। इसके साथ वर्ष 2017 को विदाई दी। दिन में बाजारों में ग्रीटिंग कार्ड खरीदने के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।
खलीलाबाद मुख्यालय के गोला बाजार, तहसील गेट, बैंक चौराहा, मोती चौराहा, समय जी स्थान चौराहा, मुखलिसपुर तिराहा सहित अन्य जगहों पर ग्रीटिंग कार्ड व गिफ्ट की दुकानें व स्टाल सजे हुए थे। ग्रीटिंग कार्ड बेच रहे राजू जायसवाल का कहना था कि लोगों की मांग के अनुसार कार्ड ले आए हैं।
मोबाइल पर मैसेज भेजकर संदेश देने का चलन बढ़ने के बाद कार्ड की बिक्री कम जरूर हुई है लेकिन फिर कार्ड लेने के लिए युवा दुकानों पर पहुंच रहे हैं। दुकान पर पांच रुपये से लगायत 400 रुपये तक के कार्ड उपलब्ध हैं। उधर, नए साल के आगमन पर स्वागत के लिए खास तौर से युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। शाम से युवा सड़काें पर दिखने लगे और नए साल के आगमन का इंतजार करने लगे। रात बारह बजते ही लोगों ने एक - दूसरे को बधाई देनी शुरू कर दी तो बहुत से लोग पटाखा फोड़ने में व्यस्त हो गए।
कुछ लोगोें ने केक काटकर नव वर्ष के आगमन पर खुशी जताई। इसके साथ ही व्हाट्स ऐप पर भी देर रात तक नए वर्ष की बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।