संतकबीरनगर। सावन के पहले दिन मंगलवार को जिले के ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव को जलाभिषेक करेंगे। शिव की पूजा आराधना के लिए सोमवार से ही शिवभक्त जलाभिषेक की तैयारी में जुट गए हैं। फूल, बेलपत्र सहित अन्य पूजा की सामग्री के इंतजाम के साथ ही श्रद्धालु मंदिर जाने की तैयारी में लगे हुए हैं।
उधर मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय मेला कमेटी के सदस्य व्यवस्था में लगे हुए हैं। दो महीने तक चलने वाले मेले में कांवरियों का जत्था भी शिव को जलाभिषेक के लिए सरयू नदी से जल लेकर मंदिर पहुंचेगा। हर साल की तरह इस साल भी सावन के महीने में तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जमावड़ा होगा। 15 दिन सावन बीतने के बाद 18 जुलाई से पुरुषोत्तम मास भी लगेगा। जो एक महीने तक चलेगा। पुन: 17 अगस्त से सावन माह का शेष पंद्रह दिन शुरू होगा।
ऐसे में कुल दो महीने तक तामेश्वरनाथ धाम में शिव की पूजा आराधना जारी रहेगी। इस दौरान परिसर में मेला भी लगेगा, जिसमें दूर दराज से आने वाले श्रद्धालु शिव को जलाभिषेक के साथ ही खरीदारी भी करेंगे। पूर्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में प्रतिदिन गाजे बाजे के साथ शिव मंदिर की परिक्रमा होती है। उन्होंने बताया कि सावन महीने के साथ ही पुरुषोत्तम मास में शिव की आराधना के साथ दान पुण्य का बड़ा महत्व है।
00000000000000000
पांडवों ने की थी शिवलिंग की स्थापना,
महात्मा बुद्ध ने कराया था मुंडन संस्कार
संतकबीरनगर। पौराणिक मान्यताओं को समेटे ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम का शिव मंदिर महाभारत कालीन है। ऐसा लोगों का मानना है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्म शंकर भारती, सेवानिवृत शिक्षक परमात्मा विभूति भारती ने बताया कि तामेश्वरनाथ धाम में शिवलिंग की स्थापना पांडवों ने की थी, ऐसी किवदंती है।
उन्होंने बताया कि अज्ञातवास के दौरान पांडव माता कुंती के साथ कुछ दिनों के लिए यहां रुके थे। तब यह क्षेत्र जंगल था, जो महाराजा विराट के साम्राज्य की सीमा में था। उसी दौरान पांडवों ने माता कुंती को शिव आराधना के लिए यहां शिवलिंग स्थापित किया था। मान्यताओं के अनुसार महात्मा बुद्ध ने तामेश्वरनाथ धाम में ही अपना मुंडन संस्कार कराया था और अपने राजसी वस्त्र का त्याग भी यहीं किया था। तब से यहां लोग अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराते हैं। परिसर में बना बुद्ध कालीन मंदिर भी इस बात की तस्दीक करता है।
0000000000000000
तामेश्वरनाथ में सावन मेले की व्यवस्था को हुई बैठक
संतकबीरनगर। तामेश्वरनाथ धाम में दो महीने तक चलने वासे सावन मेले की सुरक्षा व्यवस्था मद्देनजर सोमवार की शाम एसडीएम रमेश चंद्र और सीओ दीपांशी राठौर ने स्थानीय मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। साथ ही मातहतों को जरूरी निर्देश दिए। मेले में साफ सफाई के सफाई कर्मचारियों की तैनाती के साथ मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। कमेटी के सदस्यों ने मंदिर आने वाले रास्ते के मरम्मत की मांग की। साथ ही मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित अन्य समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। एसडीएम ने मेले के सुचारू रूप से संचालन के लिए स्थानीय प्रशासनिक जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश देने के साथ बैरिकेटिंग कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी की निगरानी में पूरा मेला रहेगा।
इस दौरान पूर्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती, ओम अनुपम भारती, रोहित भारती, अरुण प्रकाश भारती, पूर्व प्रधान मयंक मौलि भारती, प्रधान विवेकानंद भारती, चंद्रभान भारती, राम सिंगार भारती, सूर्यदेव भारती, संतोष कुमार भारती, प्रधान प्रतिनिधि राम सुरेश पासवान, राम सहाय भारती, आशीष भारती आदि लोग मौजूद रहे।