पौली के साधन सहकारी समिति शिवबखरी में यूरिया खाद के लिए लगी भीड़-संवाद
रोसयाबाजार। गेहूं की फसल के विकास लिए किसानों को यूरिया खाद की जरूरत है। इन दिनों यूरिया की डिमांड बढ़ गई है। साधन सहकारी समिति पर यूरिया न मिलने से लोग परेशान हैं। शिवबखरी साधन सहकारी समिति पर खाद आने की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के किसानों ने रात में ही लाइन लगा दी। अफरातफरी के बीच खाद का वितरण शुरू हुआ। समिति पर दिनभर किसानों की भीड़ लगी रही। जिन किसानों को खाद नहीं मिल पाई वे मजबूरी में खाद विक्रेताओं के यहां दौड़ लगा रहे हैं।
15 दिन से साधन सहकारी समितियां पर यूरिया उपलब्ध नहीं था। इससे किसान काफी परेशान थे। सोमवार को जैसे ही पता लगा कि साधन सहकारी समिति शिवबखरी में यूरिया आ गई है और वितरित हो रही है तो लोग लंबी लाइन लगाकर खाद लेने का प्रयास करते नजर आए। एडीओ एजी दयाराम यादव ने बताया कि शिवबखरी समिति पर 500 बोरी यूरिया का उठान हुआ है। खाद का वितरण किया जा रहा है। जल्द ही और खाद की रैक लगने वाली है। किसानों को खाद की कमी नहीं होने पाएगी।