कांटे। क्षेत्र के सौरहा-सिहोरवा गांव निवासी एक युवक की दिल्ली में शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सोमवार को युवक का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सूचना पर गोरखपुर के सांसद प्रवीण निषाद मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दिए।
सौरहा-सिहोरवा निवासी संतोष (22) पुत्र अगर्दी करीब छह साल से दिल्ली में रहकर पेंटिंग का काम करता था। शनिवार को दिल्ली में ही रेलवे क्रासिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना जैसे ही घरवालों को हुई सभी परेशान हो गए। गांववालों ने बताया कि संतोष तीन भाईयों में सबसे छोटा था। तीनों भाईयों की शादी हो चुकी हैं। दोनो बड़े भाई अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं। माता-पिता संतोष के ही साथ में रहते थे। पत्नी बच्चों के साथ मां-बाप की देखरेख संतोष के ही जिम्मे था। संतोष की शादी 2013 में हुई थी। दो बच्चे है। सोमवार को जैसे ही शव गांव में पहुंचा वैसे ही गांववालों की भीड़ जुट गई। बाद में गोरखपुर के सांसद प्रवीण निषाद मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढस बधाया।