लोहरौली। दुधारा क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के घर रह रहे युवक को उसके चाचा की सूचना पर डायल-100 पुलिस पकड़ कर थाने ले गई। कुछ देर बाद युवती भी थाने पहुंच गई। वह शादी की जिद करने लगी। पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को छोड़ दिया, लेकिन युवक पुलिस हिरासत में है।
सिद्धार्थनगर जिले के बेलौहा क्षेत्र के युवक की दुधारा क्षेत्र की युवती से काफी दिनों से संबंध था। छह-सात दिन पूर्व वह मुंबई से कमाकर लौटा था। आने के दूसरे ही दिन वह प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। पांच दिनों से वहीं था।
इसकी जानकारी युवक के घर वालों को हुई तो वे उसको घर लौटने का दबाव बनाने लगे, लेकिन युवक नहीं माना। युवक के चाचा ने ही डायल-100 पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस प्रेमिका के घर पहुंच गई और युवक को हिरासत में ले लिया। युवक ने बताया कि उसका प्रेमिका से काफी समय से संबंध है।
उससे शादी करने की नीयत से उसके घर बातचीत करने आया था। इसी बीच प्रेमिका भी अपनी छोटी बहन और गांव के एक युवक के साथ थाने पहुंच गई। युवती उससे शादी करने की जिद करने लगी। युवक और युवती दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं। युवती की मां नहीं है। युवक के पिता की भी मौत हो चुकी है और उसकी मां बीमार रहती है। एसओ ने बताया कि युवती को समझा बुझाकर घर भेज दिया गया है। युवक को हिरासत में रखा गया है। जांच के बाद जैसी स्थिति होगी, कार्रवाई की जाएगी।