सऊदी कमाने गए दुधारा क्षेत्र के पकड़ी आराजी गांव के युवक की करंट से मौत हो गई। मंगलवार को यह सूचना आने के बाद गांव में शोक छा गया। वहीं घरवालों का रो- रो कर बुरा हाल हो गया। लोग यही कह रहे थे कि घर की माली हालत सुधारने सऊदी अरब गए युवक को यदि पता होता कि वहां से सुरक्षित वतन नहीं लौट पाएगा तो शायद वहां नहीं जाता।
गांव के लोगों ने बताया कि 35 वर्षीय अब्दुल वफा पुत्र इजहार अली 18 माह पहले सऊदी अरब के रियाद शहर गया था। जहां पानी की सप्लाई करनी वाली एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार रात काम करते दौरान अब्दुल वफा करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। जानकारी के बाद वहां रहने वाले गांव के कुछ लोगों ने घटना की सूचना मंगलवार को पीड़ित के घर फोन पर दी।
अब्दुल वफा की पहली पत्नी से तलाक हो गया था तो उसने दूसरी शादी नूरमा से की थी। पहली पत्नी से एक 14 साल का बेटा है, जबकि दूसरी पत्नी से दो बेटे और एक बेटी है। पति की मौत की खबर से पत्नी नूरमा रो- रो कर बेहोश हो जा रही थी। जबकि मां और परिवार के अन्य सदस्य भी गमगीन थे।