धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिठनी की एक छात्रा का शव बृहस्पतिवार को गांव के समीप गन्ने के खेत में सागौन के पेड़ से लटकता मिला। छात्रा घर से चार दिन से लापता थी। घरवालों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। महुली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम गिठनी निवासी रामानंद चौहान की 20 वर्षीय पुत्री कंचन पंडित सूर्यनारायण चतुर्वेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाथनगर में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह टुम्पार चौराहे पर एक कोचिंग सेंटर में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। कुछ दिन से वह अवसाद में थी। घरवालों के अनुसार कंचन 12 नवंबर दोपहर से लापता थी। महुली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। कंचन के भाई ने बताया कि गांव के राजेंद्र और रामजी के गन्ने के खेत के बीच स्थित सागौन के पेड़ से कंचन का शव लटका हुआ मिला। मनोज ने इसकी सूचना परिजनों के साथ ही पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ करुणाकर पांडेय ने दुपट्टे से पेड़ से लटक रहे शव को नीचे उतरवाया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।