कोतवाली क्षेत्र के मगहर चौकी के समीप शनिवार को एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के मथौली गांव के रहने वाले दिनेश पाल कार से अपने परिवार के साथ किसी काम से गोरखपुर जा रहे थे। मगहर पुलिस चौकी से कुछ दूर आगे बढे़ ही थे कि साइड से एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दिया। टक्कर इतना तेज था कि कार डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मगहर चौकी इंचार्ज करुणाकर पांडेय अपने सिपाहियों के साथ पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसमें दिनेश पाल 60 वर्ष, अक्षय शाही 11 वर्ष, अभिषेक शाही नौ वर्ष, संजय शाही 35 वर्ष, मनीष शाही 32 वर्ष और विंदू देवी 56 घायल हो गई थी। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया जहां इलाज के दौरान विंदूू देवी 56 वर्ष की मौत हो गई। इसके साथ ही दिनेश पाल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जबकि अक्षय और अभिषेक को हल्की फुल्की चोटें आई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। घटना की सूचना पर पीड़ित के रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए और परिजनों को ढांढस बधाने लगे। चौकी इंचार्ज करुणाकर पांडेय ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला के शव को पीएम के लिए भेजा जाएगा।