हैंसर। बुधवार की सुबह ससुराल से लापता हुए युवक की गुरुवार दोपहर कुआनो नदी के बनकटा घाट पर लाश मिली। शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। युवक की नदी में शव मिलने के बाद उसके घर और परिवार वालों का रो-रो रोकर बुरा हाल है। गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी अजमेरचंद्र (34) पुत्र राजमन की ससुराल सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी रामचरन के यहां है।
परिजनों का कहना है कि एक सप्ताह से अजमेरचंद्र ससुराल में रह रहा था। बुधवार की सुबह ससुराल से धनघटा क्षेत्र के घोरांग गांव जाने की बात कहकर निकला तो दोपहर तक लौटा नहीं। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो कुआनो नदी के बनकटा घाट पर गमछा और चप्पलें दिखीं। उसे अजमेरचंद्र का बताकर इसकी सूचना सिकरीगंज व धनघटा पुलिस को दी। बुधवार को दोनों थाने की पुलिस मौके पर पहुंची अपने क्षेत्र का मामला न होने की बात कहकर सिकरीगंज पुलिस लौट गई।
जबकि धनघटा पुलिस लापता युवक की तलाश में लगी रही। एसओ संतोष तिवारी ने बताया कि गुरुवार की सुबह गोताखोर तलाश कर रहे थे। दोपहर में युवक की लाश मिली। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया अजमेरचंद्र की मौत नदी में नहाते समय डूबने के कारण हुई मालूम पड़ती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की लाश मिलने पर उसके घर और ससुराल के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।