मगहर। मगहर चौकी के काजीपुर चौराहे पर सोमवार को दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। उसके बाद दोनों के बीच बढ़ी तकरार दो गुटों के मारपीट में बदल गई। मगहर चौकी इंचार्ज और नगर पंचायत अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष सुलह समझौते के बाद अपने घरों को वापस हुए।
सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम चकियां के तीन युवक एक बाइक से जिले के तामेश्वरनाथ मंदिर से मगहर कस्बे के रास्ते अपने घर जा रहे थे। अभी वह मगहर चौराहे पर पहुंचे ही थे कि सड़क पार कर रहे मगहर निवासी एक युवक की बाइक से हल्की टक्कर हो गई।
जिसके बाद बाइक पर सवार युवक अनियंत्रित होकर गिर गए। उसके बाद दोनों के बीच तकरार हो गई। आसपास के लोगों ने विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार युवकों की सूचना पर कुछ और युवक चौराहे पर आ धमके।
उनके द्वारा अपशब्द कहे जाने से नाराज नगर के लोग चौराहे पर विरोध करने लगे। सूचना पर मौके पर मगहर चौकी इंचार्ज करूणाकर पांडेय अपने हमराहियों के साथ पहुंचे और नगर पंचायत चेयरमैन अश्विनी गुप्ता की मौजूदगी में लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। पुलिस दोनों पक्ष को चौकी लाई जहां दोनों पक्षों के द्वारा आपसी सहमति के बाद मामले को समाप्त किया गया।