कोतवाली क्षेत्र के बरदहिया उत्तरी के कौशलोत्तर गली में चोरों ने दिन दहाड़े एक कपड़ा व्यापारी के घर में घुसकर आलमारी में रखा 70 हजार रुपये व दो एटीएम कार्ड चुरा ले गए।
घटना के समय व्यापारी दंपति अपनी ससुराल कटसहरा गया था। वापस लौटने के बाद घर में रखी आलमारी खुली मिलने और सामान बिखरा देखकर व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी मैनुद्दीन अंसारी की हरपुर में कपड़ा की दुकान है।
उनका परिवार खलीलाबाद के बरदहिया उत्तरी मोहल्ले के कौशलोत्तर गली में मकान बनाकर रहता है।
शुक्रवार की शाम को करीब पांच बजे दंपति अपनी ससुराल कटसहरा गया था। करीब दो घंटे बाद दंपति वापस लौटा तो घर में रखी आलमारी खुली मिली।
आलमारी का लाक किसी सरिया से तोड़ा गया था। दंपति ने बताया कि उनके बेटी की शादी 12 नवंबर को होनी है। इधर बैंक बंद था, इसलिए पहले से ही 70 हजार रुपये बैैंक से निकालकर आलमारी में रखा था, ताकि सामान की खरीददारी कर सके।
मैनुद्दीन ने बताया कि आलमारी में रखा 70 हजार रुपये व दो एटीएम कार्ड गायब है। उन्होंने बताया कि चोरी की सूचना उन्होंने 100 नंबर पर देनी चाही, लेकिन फोन नहीं उठा। बाद में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।
मौके पर बरदहिया बाजार के चौकी इंचार्ज ने आकर मुआयना किया। कोतवाल बब्बन यादव ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पुलिस चोरों को गिरफ्तार कर लेगी।