कॉलेज से पढ़कर बुधवार को घर लौट रही बीए की छात्रा को दो बाइक सवार युवकों ने गन्ने के खेत में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा को ब्लेड मारकर जख्मी कर दिया। हालांकि छात्रा के चिल्लाने पर आरोपी भाग निकले। इस संबंध में पीड़िता ने मां-बाप के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है।
19 वर्षीया छात्रा का आरोप है कि वह क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में पढ़ती है। बुधवार को पढ़ने के लिए सुबह कॉलेज गई थी। पूर्वाह्न 11.30 पढ़कर वह घर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में बिना नंबर की बाइक से दो युवक वहां आए और उसे रोक लिया। आरोप था कि दोनों युवक उसे निकट के एक गन्ने के खेत में खसीटकर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।
विरोध करने पर उस पर ब्लेड से प्रहार किया गया। इससे उसके बाएं हाथ पर तीन-चार जगह जख्म हो गए और हाथ से खून बहने लगा। कपड़े पर भी ब्लेड से वार किया गया। इस घटना पर वह जोर-जोर से चीखने लगी। हालांकि वहां कोई नहीं पहुंचा, लेकिन दोनों युवक बाइक लेकर भाग निकले। छात्रा ने युवकों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई।
कोतवाल कमला यादव ने बताया कि तहरीर मिली। केस दर्ज कर आरोपियों को चिह्नित कर जल्द पकड़ लिया जाएगा। इसके साथ ही अभियान चला कर स्कूल, कॉलेज के आसपास बेवजह घूमने वालों पर भी निगाह रखी जाएगी। जो पकड़े जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।