महुली थाना क्षेत्र के तरयापार में कोटे की दुकान की जांच के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू होते ही जांच अधिकारी आपूर्ति निरीक्षक मौके से भाग निकले। घटना को लेकर गांव में तनाव कायम है।
ग्राम प्रधान और कुछ ग्रामीणों ने तहसील दिवस में कोटेदार पर अनियमितता करने की शिकायत की था। जिस पर आपूर्ति निरीक्षक बुधवार को कन्या प्राथमिक विद्यालय पर कोटे की जांच करने पहुंचे। जांच के दौरान पहले ग्राम प्रधान पक्ष से कुछ ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ बयान दर्ज करवाया। बाद में कोटेदार पक्ष के लोग भी अपना बयान दर्ज करवाने लगे। उसी समय दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट और हाथापाई शुरू होते ही जांच स्थल पर भगदड़ मच गई।
अफरा तफरी का माहौल देख जांच अधिकारी मौके से भाग खड़े हुए। पूर्व प्रधान पुत्र धर्मेंद्र यादव ने बताया कि कोटेदार पक्ष के ग्रामीण जब बयान देने लगे तो प्रधान पक्ष को यह बात नागवार लगी और वह लोग विवाद करने लगे। वही ग्राम प्रधान यादवेश यादव ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारक कलावती पत्नी जयसिंह कोटेदार के खिलाफ बयान दे रही थी। उसी समय कोटेदार पक्ष के लोग उस महिला को बयान देने से रोकने लगे तथा इसको लेकर विवाद करने लगे। जांच अधिकारी ने बताया कि विवाद के कारण जांच रोक दी गई। अगले निर्धारित तिथि पर पुलिस बल के मौजूदगी में जांच की जाएगी। प्रभारी एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि मार पीट की कोई सूचना थाने पर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।