मंगलवार को तामेश्वरनाथ धाम पोखरे से बरामद शव की पहचान गुरुवार को धनघटा के सुरैना गांव निवासी पराग उर्फ प्रदीप यादव के रूप में हुई। पिता लालचंद यादव ने पोस्टमार्टम हाउस में शव देखने के बाद इसकी पुष्टि की। पराग की मौत की जानकारी होने पर घरवाले और गांव वाले गमगीन हो गए।
सुरैना गांव निवासी लालचंद यादव ने बताया कि रविवार की रात उनका बेटा पराग (28) तामेश्वरनाथ धाम शिवमंदिर पर जलाभिषेक करने की बात कह कर घर से निकला था। सोमवार को घर न पहुंचने पर लोगों की चिंता बढ़ गई। चूंकि कोतवाली के घटरम्हा में पराग की ससुराल है। बहू भी मायके में थी। घर वाले समझे कि जलाभिषेक करने के बाद पराग अपने ससुराल चला गया होगा। बुधवार को अखबार में तामेश्वरनाथ पोखरे में युवक के शव मिलने की सूचना छपी तो गांव के कुछ लोगों ने जानकारी दी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव देखा तो होश उड़ गए।
लालचंद ने बताया कि पराग शराब पीने का आदी था। पैदल ही घर से तामेश्वरनाथ के लिए निकला था। आशंका जाहिर की, शराब के नशे में पोखरे में स्नान के दौरान डूबने से उसकी मौत हुई होगी। बताया कि पराग की दो साल की बेटी भी है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पिता लालचंद यादव ने शव देखा। युवक के बांह में अंकित प्रदीप और अनीता के अलावा भगवान शंकर की बनी आकृति को देख कर शव अपने बेटे प्रदीप के होने की पुष्टि की। शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।