छात्रसंघ उद्घाटन के दौरान छात्रों में मारपीट के बाद मौके पर जुटे छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में सोमवार को छात्र संघ उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्र नेताओं के दो गुुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक गुट के छात्र नेता को दूसरे गुट के छात्र नेताओं ने पीट दिया। जिससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र नेताओं को शांत कराया। कार्यक्रम समाप्त होने पर पीड़ित छात्र नेता के समर्थकों ने मंच पर रखी कुर्सियां फेंक दी और गमले तोड़ दिए।
कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष सचिन यादव ने छात्र संघ उद्घाटन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व सांसद भालचंद यादव बुलाए गए थे। मंच के बगल में आर्केस्ट्रा भी लगा था। इस दौरान छात्र नेताओं के एक गुट ने आर्केस्ट्रा चलने का विरोध किया और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ छात्र नेताओं ने समझाने की कोशिश की पर वे नहीं माने। इस दौरान कुछ छात्र नेताओं ने विरोध कर रहे छात्र नेता की पिटाई कर दी। जिसकी वजह से मामला और बढ़ गया। सूचना पर गोला चौकी इंचार्ज राज कुमार पांडेय फोर्स के साथ पहुंच गए।
छात्र नेताओ को चौकी इंचार्ज ने समझाया और मामले को शांत कराया। इस दौरान कार्यक्रम समाप्त हो गया। अतिथि कार्यक्रम से लौट गए। उसके बाद पीड़ित छात्र नेता के समर्थक मंच पर चढ़ गए और वहां पर रखी कुर्सियों को नीचे फेंक दिया तथा गमलों को तोड़ दिया। वहां भी पुलिस पहुंची और छात्रों को कॉलेज परिसर से बाहर किया। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित सूर्य प्रकाश त्रिपाठी की ओर से तहरीर मिली है। जिसमें कुछ लोगों पर मारने-पीटने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।