गोला बाजार पुलिस चौकी के पास सोमवार को एक किशोर को नोट की गड्डी बता कर कागज के टुकड़े थमा कर जालसाज 55,000 रुपये लेकर चलते बने। सूचना पर एसपी प्रेस कांफ्रेंस छोड़कर मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में पता चला है कि लालच में आकर किशोर ने रकम गंवा दी।
शहर के मोतीनगर मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र फूलचंद सेंट्रल बैंक के निकट अग्रवाल नेटवर्क नामक बैट्री की दुकान पर काम करता है। उसके पिता फूलचंद्र सील बट्टा बनाने और बेचने का काम करते हैं। दुकान के मालिक मोहित अग्रवाल ने विड्राल फार्म भर कर 55,000 रुपये सुनील को जमा करने के लिए एसबीआई की मुख्य शाखा भेजा। यहां गोला बाजार पुलिस चौकी के निकट टप्पेबाजों ने किशोर से 55000 रुपये ठग लिए। सुनील की सूचना पर एसपी और पुलिस टीम पहुंची। पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि विड्राल सही से नहीं भरे होने की वजह से कैशियर ने पैसा जमा नहीं किया। लौटते समय वहां एक युवक मिला और कुछ रकम मऊ भिजवाने में मदद की बात कही।
इसी बीच पास खड़े दूसरे युवक ने अपने पास चोरी के 1.20 लाख रुपये होने की बात कहते हुए मऊ भिजवाने में मदद मांगी। इस पर सुनील उनकी बातों में आ गया और दोनों ने पॉलीथिन में लपेटे तथाकथित 1.20 रुपये (जो कि बीच में कागज की गड्डी)सुनील को थमा दी और 55 हजार रुपये लेकर चलते बने। कुछ देर बाद जब दोनों नहीं लौटे तो किशोर ने कुछ दूर जाकर पालिथीन खोली तो उसमें नोट की बजाय कागज की गड्डी मिली। परेशान होकर उसने पुलिस को सूचना दी।
इधर, मोहित अग्रवाल ने तहरीर में बताया है कि उन्होंने अपने कर्मचारी सुनील कुमार को 55,000 रुपये लेकर स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में जमा करने के लिए भेजा था। तीन घंटे बाद भी जब खाते में रकम नहीं मिली तो वे कर्मचारी को ढूंढने लगे। इस पर सुनील उन्हें अपने घर पर मिला। पूछने पर उसने बताया कि उससे कुछ लोग रकम छीन ले गए। एसएसआई महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच पड़ताल में मामला टप्पेबाजी का निकला है। वैसे जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।