जिले में तीन स्थानों पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। घायलों में कार सवार स्वास्थ्य कर्मी दंपती भी शामिल हैं जो ड्यूटी जा रहे थे।
मगर प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे के मुहल्ला काजीपुर निवासी दयाराम पुत्र भगवानदास जो पीएचसी हाड़ापार में लैब टेक्नीशियन हैं और उनकी पत्नी पूर्णिमा जिला चिकित्सालय में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं। रोज की भांति शुक्रवार को दोनों निजी कार से ड्यूटी जा रहे थे, वे जैसे ही कोतवाली के दीघा बाईपास ओवरब्रिज के पास पहुंचे ही थे कि बगल में चल रहे कार और ट्रक में टक्कर हो गई।
जिससे कार के दाहिने साइड का हिस्सा बुरी तरह खराब हो गया। इस हादसे में दयाराम को सिर में जबकि उनकी पत्नी पूर्णिमा को हाथ में मामूली चोट लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। जबकि घायल दंपति को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। दयाराम की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज औद्योगिक एरिया मोहम्मद असलम खान ने बताया कि ट्रक और कार चौकी परिसर में खड़ी करवा दी गई है। पीड़ित ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
वहीं धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार, नाथनगर- महुली मार्ग पर ड़डवा स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को बाइक और साइकिल में टक्कर होने से चार लोग घायल हो गए। शुक्रवार को करीब 11:45 बजे छितही गांव निवासी मेराज पुत्र अब्दुलहक, रामचंदर पुत्र बदरी, अबुजर पुत्र मकसूद बाइक महुली की तरफ जा रहे थे। बाइक सवार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे, उसी दौरान अनियंत्रित होकर एक साइकिल सवार से टकरा गई।
जिससे साइकिल से घर जा रहे हटवा गांव निवासी संदीप पुत्र रामचंद्र मौर्य के अलावा बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। सूचना पर एसआई गोरखनाथ यादव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए और एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी नाथनगर भेजवाया गया। जहां हटवॉ गांव निवासी संदीप की स्थित गंभीर देख डॉक्टर ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
मासूम घायल ः मनियरा। राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर भुवरियां चौराहे के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से पांच वर्षीय मासूम घायल हो गया। मीरगंज निवासी संतोष पुत्र राम सिंह शुक्रवार को दिन में बाल कटवाने के लिए गया था। वापसी के दौरान सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से खलीलाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।