पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई तो क्षुब्ध होकर युवक ने शुक्रवार को कमरे में छत की कुंडी से लटक कर आत्महत्या कर लिया। खबर पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मामला धनघटा क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव का है।
बैजनाथपुर गांव निवासी कलाधर के पांच बेटे और एक बेटी में 32 वर्षीय बबलू सबसे बड़ा था। बबलू घर पर रहकर मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। सात साल पूर्व उसकी शादी क्षेत्र के मड़पौना गांव में हुई थी। उसकी पत्नी राजमति से दो बच्चे हैं। चार वर्ष का बेटा विपिन और एक वर्ष की बेटी सलोनी है। परिजनों के मुताबिक गुरुवार की शाम बबलू नशे में घर पहुंचा और पत्नी से झगड़ा करने लगा। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद रात में पत्नी नाराज होकर पड़ोसी के घर चली गई।
वहां भी पहुंचकर वह अपनी पत्नी को मारा पीटा। बचाव में आए पड़ोसी से भी उलझ गया। शुक्रवार को फिर पति-पत्नी के बीच नोकझोंक हुई। इससे नाराज होकर पत्नी अपने दोनों बच्चो के साथ मायके चली गई। उसके बाद बबलू अपने कमरे में गया और अंदर से फाटक बंद कर लिया। घर के लोग समझे की वह सो रहा है लेकिन जब काफी देर तक बाहर नही निकला तो उसकी मां विद्या देवी उसे बुलाने लगी। अंदर से आवाज या कोई हलचल न होने से मां ने परिवार के अन्य सदस्यों को इस बात की जानकारी दी।
फाटक खोलने के लिए फिर बेटे को परिजनों ने आवाज दी। उसके बाद इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष आरडी मौर्य ने फाटक को तोड़वाया तो बबलू की लाश छत की कुंडी में लटकती मिली। उसके बाद पीड़ित के परिवार वाले सहम गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है।