क्षेत्र के कुड़वा में शुक्रवार की शाम को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों को सीएचसी मेंहदावल से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
कुड़वा में विशालधारी और दीन दयाल पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें विशालधारी और उनकी मां गुदना देवी तथा दूसरे पक्ष से दीन दयाल की चाची उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारने- पीटने का आरोप मढ़ते हुए मेंहदावल थाने में तहरीर दी। एसओ सुधीर सिह ने बताया कि गुदना देवी की तहरीर पर दीनदयान,रामअनुज,प्रहलाद समेत चार लोगो के खिलाफ एनसीआर दर्ज किया गया। जबकि दूसरे पक्ष के दीन दयाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान रामराज मौर्या, रणजीत, विशालधारी समेत चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज हुआ। एसओ ने बताया कि दोनों पक्ष के घायल जिला अस्पताल रेफर हुए है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
25 शीशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने बगहिया मोहल्ले के पास से शुक्रवार को एक किराने की दुकान के पीछे चुपके से शराब बेचते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक की बोरी में रखा बंटी बबली ब्रांड का 25 शीशी शराब बरामद किया। औद्योगिक नगर चौकी इंचार्ज जे एन तिवारी ने बताया कि सूचना पर एसआई अनीता यादव के साथ मिलकर बगहिया के पास से पानमती पत्नी स्वर्गीय राम सुमेर को 25 शीशी शराब के साथ पकड़ा गया।
आरोपी महिला गुमटी में किराने की दुकान चलाती है और उसी दुकान के पीछे चुपके से शराब की विक्री कर रही थी। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।