मौत की सूचना पर विलाप करते घर के लोग। दो बेटियों का बस्ती जिला अस्पताल में चल रहा उपचार।
- फोटो : अमर उजाला
दुधारा क्षेत्र के लोहरौली ठकुराई गांव निवासी झुलसे फल विक्रेता पल्टन की सोमवार की रात बस्ती जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना पहुंचते ही परिजन सहम गए। गरीब परिवार के मुखिया की मौत से गांव के लोग भी गमगीन थे।
बीते गुरुवार को खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में रिसाव से पल्टन के घर में आग लग गई थी। आग की चपेट में आईं 15 वर्षीय बेटी दुर्गा और छह वर्षीय बेटी मुस्कान को बचाने के प्रयास में पल्टन भी झुलस गए थे। तीनों का उपचार बस्ती जिला अस्पताल में चल रहा था। जहां सोमवार की रात उपचार के दौरान पल्टन की मौत हो गई।
गांव के लोगों ने बताया कि पल्टन का परिवार बेहद गरीब है। झुलसे पिता और पुत्रियों का उपचार गांव के लोगों ने चंदा भी जुटाया है। लोहरौली बाजार में पल्टन ठेले पर फल बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। उनके पास चार बेटियां एवं एक बेटा है। पति की मौत के बाद पत्नी शकुंतला का रो- रो कर बुरा हाल था। गांव के लोग बताते है कि पल्टन की उम्र जब पांच साल थी, तभी उसके पिता की मौत हो गई थी।