महुली क्षेत्र के छितही गांव के पास गुरुवार को बाइक सवार बदमाशों ने बैंक में रकम जमा करने जा रहे एक फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर से असलहे के बल पर लूट की कोशिश की गई।
सोनाटा माइक्रो फाइनेंस कंपनी की महुली शाखा के प्रबंधक राजेंद्र प्रजापति अपने सहयोगी कर्मी मस्तराम यादव के साथ बाइक से दफ्तर से पीएनबी की सिक्टहा शाखा में रकम जमा करने जा रहे थे। मस्तराम बाइक चला रहे थे और प्रबंधक राजेंद्र प्रजापति 1.58 लाख रुपये बैग में रख रखे थे। प्रबंधक के मुताबिक दोनों करीब साढ़े तीन बजे के करीब जैसे ही महुली बस्ती मार्ग पर भगौतीपुर गांव के मोड़ के आगे पहुंचे थे कि पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर बाइक तिरछी खड़ी करके उन्हें रोकने की कोशिश की।
हालात समझ कर उन लोगों ने अपनी बाइक छोड़कर महुली की तरफ भागना शुरू कर दिया। बदमाशों ने कुछ दूर तक पीछा करने की कोशिश करते हुए तमंचे से फायरिंग की कोशिश की, लेकिन संयोग से फायर नहीं हुआ। सामने से आ रहे कुछ बाइक सवारों को देखकर बदमाश अपनी बाइक लेकर महुली की तरफ भाग निकले। दोनों कर्मचारियों ने बैंक पर पहुंच कर 100 नंबर पर फोन करके घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ रमेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।