हैंसर। क्षेत्र के गड़थौलिया गांव में कटाई-मड़ाई के लिए परिवार वालों से विवाद के बाद किसान ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे आननफानन में सीएचसी मलौली ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गड़थौलिया निवासी 50 वर्षीय सुभाष पुत्र शिवमूरत प्रजापति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो परिवार और गांव के लोग उनके पास पहुंचे। आनन-फानन उन्हें अस्पताल पहुंचाया। परिवार के लोगों का कहना है कि दोपहर में वह फसल की कटाई-मड़ाई को लेकर घर के लोगों से विवाद करने लगे।
घर वालों ने उन्हें समझाया कि थ्रेशर मिल नहीं रहा है। जैसे ही थ्रेशर मिलेगा, मड़ाई करा ली जाएगी। इसके बाद उन्होंने कहा कि अब हमें बर्बादी देखी नहीं जाती। इससे अच्छा जान देना ही ठीक है। यह कहकर वह अपने कमरे में गए। परिवार के लोग समझे कि नाराज होकर वह सो रहे होंगे।
कुछ देर बाद जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनकी पत्नी उनके पास पहुंची। उन्हें अचेत देख उसने शोर मचाया। उसके बाद जुटे लोग आनन फानन में उन्हें सीएचसी मलौली ले गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डॉक्टरो ने उनकी मौत का कारण जहरीला पदार्थ खाने से होना बताया। अस्पताल के लोग इसकी सूचना पुलिस को दिए। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दी। एसओ संतोष तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।