रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़े जाने और फिर थाने से भागने के मामले की एंटी करप्शन टीम ने जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में जांच टीम से जुड़े अफसर शुक्रवार को धनघटा थाने पहुंचे।
31अगस्त को पौली चौकी इंचार्ज रहे विनोद कुमार को एंटी करप्शन टीम गोरखपुर ने एक महिला से दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपी दरोगा धनघटा थाने से उसी दिन देर रात थाने से भाग निकला और तभी से फरार चल रहा है। विनोद कुमार के विरुद्ध उसी दिन दो मुकदमे दर्ज हुए थे। जिसमें थाने से भागने की विवेचना धनघटा पुलिस और रिश्वत लेने के मामले में दर्ज केस की जांच एंटी करप्शन की टीम कर रही थी।
शुक्रवार को धनघटा थाने पर मुकदमों की जांच पड़ताल करने एंटी करप्शन टीम वाराणसी के इंस्पेक्टर प्रेमशंकर द्विवेदी ने बताया कि अब दोनो ंमुकदमों की जांच एंटी करप्शन टीम को उच्चाधिकारियों ने दे दी है। जिसके संबंध में उस समय थाने पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। धनघटा के प्रभारी निरीक्षक ईश्वर चंद्र प्रधान ने बताया कि रिश्वत में पकड़े जाने और फिर भाग जाने के मामले में दर्ज दोनों मुकदमों की विवेचना एंटी करप्शन टीम कर रही है। जांच में विवेचक का पूरा सहयोग पुलिस करेगी।