कोतवाली क्षेत्र के जंगल कला खुशिया गांव के पूरब खेत में रविवार को युवक का शव मिला। युवक के सिर में चोट और गले में खरोच का निशान था।
मौके पर पहुंची पुलिस को युवक की जेब से आधार कार्ड, एक होटल की पर्ची और बिल बाउचर के साथ रोडवेस बस का टिकट मिला। युवक दिल्ली के नजफगढ़ का निवासी बताया जा रहा है।
शक के आधार पर पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया। महिला की निशानदेही पर युवक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
प्रेम प्रसंग में हत्या होने की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।
पुलिस के मुताबिक युवक के पास से मिले फोटो युक्त आधार कार्ड में नाम देवेंद्र कुमार और जन्म तिथि वर्ष 1980 अंकित है। इसके अलावा निवास आर जेड 35 बी-1- ब्लॉक नजफगढ़, नया रोशनपुर नजदीक राम मंदिर, नजफगढ़ दिल्ली नंबर 43 लिखा है।
उसके पर्स से खलीलाबाद शहर में स्थित एक रेस्टोरेंट का 13 और 20 अक्टूबर की पर्ची, 20 अक्टूबर का रोडवेज बस का बघौली से खलीलाबाद तक टिकट मिला है।
पुलिस ने शक के आधार पर जंगल कला खुशिया गांव स्थित अपने मायके में रहने वाली एक महिला, उसकी मां, भाई, पति और एक रोजगार सेवक को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसके घर में रखे बाक्स से युवक का मोबाइल भी बरामद हुआ। कोतवाल बब्बन यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। हिरासत में ली गई महिला से युवक के नजदीकी संबंध होने की बात पूछताछ से सामने आ रही है।
आधार कार्ड से उपलब्ध हुए युवक के पते पर उसके परिजनों को सूचना देने की कोशिश की जा रही है। महिला का पति भी अपनी पत्नी के व्यवहार पर सवाल खड़ा कर रहा है।
पीएम रिपोर्ट आने और हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
इनसेट
बखिरा में खजले की दुकान पर काम करता था युवक
पुलिस की जांच के मुताबिक बखिरा में खजले की दुकान चलाने वाले बुलंदशहर के निवासी एक व्यापारी की दुकान पर युवक काम करता था।
बखिरा में ही महिला की ससुराल है। वहीं से महिला और उस युवक की जान पहचान हुई थी। युवक ने दशहरा में बघौली बाजार में खजले की दुकान भी लगाया था।
पुलिस की पूछताछ में महिला और उसकी मां ने बताया कि चार दिन पूर्व युवक उसके घर आया था और महिला के बच्ची के लिए कपड़े और खिलौने लाया था, लेकिन फिर चला गया।
शनिवार की शाम को फिर युवक उसके घर पहुंचा था। आगे बताया कि उसके छप्पर में युवक ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर लिया।
युवक की मौत से भयभीत होकर चारपाई पर शव को रख कर गांव से पूरब खेत में ले जाकर फेंक दिया।