बेलहर। बखिरा क्षेत्र के पिपरी-बरडांड के छात्र की लाश बस्ती में रेलवे ट्रैक पर मिली। इस सूचना से सोमवार को गांव में कोहराम मच गया। घर वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। मौके से छात्र की मां और गांव के अन्य लोग बस्ती के लिए रवाना हो गए।
गांव के लोगों ने बताया कि पुरानी बस्ती क्षेत्र के चैनपुरवा ओवरब्रिज के पूरब संत निरंकारी भवन के पीछे रविवार की रात रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। चौकी इंचार्ज हडिया कलाधर दूबे ने युवक की पाकेट से मिली पर्ची पर अंकित मोबाइल नंबर पर बातचीत की तो पता चला कि शव गांव के 24 वर्षीय गिरजेश यादव पुत्र रामशब्द यादव का है।
सोमवार को छात्र की मां और गांव के लोग बस्ती गए और शव की शिनाख्त की। गांव वालों ने बताया कि गिरजेश हीरालाल पीजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था और आर्मी में भर्ती की तैयारी कर रहा था। बहन मंशा और छोटे भाई अखिलेश का रो-रो कर बुरा हाल था। पिता रोजगार के सिलसिले में मुंबई गए है। मां निर्मला बताई कि बेटे की मौत ने गहरा जख्म दिया है।