पीएम हाउस पर सूगापंखी गांव निवासी मृतक दिवाकर चौधरी के गमगीन परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
संतकबीरनगर। कोहरे की वजह से शनिवार/रविवार की रात (करीब 23 घंटे के अंतर में)राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांटे के पास हुए हादसे में एडीएम न्यायिक की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की मौत हो गई, वहीं मगहर के पास हुए हादसे में प्राइवेट बैंक की कर्मी की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के चांदीडीहा उर्फ सूगापंखी गांव निवासी 38 वर्षीय दिवाकर चौधरी पुत्र नंदलाल चौधरी एक प्राइवेट बैंक में विकास अधिकारी के पद पर कार्य करते थे। रविवार को वह बाइक से गोरखपुर गए थे। गोरखपुर से घर वापस लौटते दौरान रात आठ बजे के करीब मगहर के पास कोहरे में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए। घायलावस्था में ही दिवाकर ने फोन कर पिता को दुर्घटना की सूचना दी। पहुंचे घरवालों ने दिवाकर को टेपों से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना शनिवार रात कांटे पुलिस चौकी के पास घटित हुई। कोतवाली क्षेत्र के उतरावल गांव निवासी कृष्ण मुरारी पांडेय पुत्र शंकर पांडेय ने बताया कि उनके 37 वर्षीय भाई दुर्गा प्रसाद पांडेय होमगार्ड थे। दुर्गा प्रसाद पांडेय की ड्यूटी एडीएम न्यायिक की सुरक्षा में लगी थी।
शनिवार को बाइक से लौटते समय कांटे पुलिस चौकी के पास रास्ते में नीलगाय आ जाने से हादसा हो गया। वह बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर स्थिति और गंभीर हो गई तो उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार की रात उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।