बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में एक उचक्के ने मुकदमे की पैरवी में आए रिटायर्ड मुख्य खाद्य अधिकारी की जेब से 42 सौ रुपये उड़ा दिए। खाद्य अधिकारी ने जब इसकी सूचना न्यायालय को दी तो सीजेएम ने चौकी इंचार्ज गोला को बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई और तीन दिन के अंदर मामले का पर्दाफाश करते हुए उसकी जानकारी देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा चाक चौबंद करने का भी निर्देश दिया।
रिटायर्ड मुख्य खाद्य अधिकारी आद्या प्रसाद मौर्य मुकदमे में गवाही देने दीवानी न्यायालय में आए हुए थे। वे सीजेएम कोर्ट के बाहर खड़े थे। इसी दौरान किसी ने उनकी पाकेट से 42 सौ रुपये उड़ा दिए। उन्होंने जब पाकेट में हाथ डाला तो रकम नही थी।
वे इधर उधर खोजने लगे। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल न्यायालय के कर्मियों को दी। कर्मियों ने इसकी सूचना सीजेएम संजय कुमार गौड़ को दी। सीजेएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल चौकी इंचार्ज गोला को तलब किया। परिसर में उचक्के द्वारा रकम उड़ाने को लेकर चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई।