संतकबीरनगर। मंगलवार रात बरदहिया बाजार में स्थित एक मकान में पीछे से नकब लगा कर चोर गोदाम में घुस गए और लाखों की कीमत का कपड़ा उठा ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। बरदहिया बाजार में लगातार बढ़ रही वारदातों से व्यापारी सहमे हुए हैं।
खलीलाबाद के मीट मंडी रोड निवासी मोहम्मद असलम पुत्र मोहम्मद रफी बरदहिया बाजार में कपड़े का कारोबार करते हैं। व्यवसाय के लिए बरदहिया में ही एक मकान में अपना गोदाम बना रखा है।
मोहिउद्दीनपुर निवासी व्यवसायी हबीबुर्रहमान उर्फ लल्लन पुत्र रियाज और नौगांवा अमरोहा निवासी मोहम्मद शोएब पुत्र सरफुद्दीन ने भी उसी मकान में गोदाम बना रखा है। मंगलवार रात कुछ चोर गोदाम की दीवार काट कर अंदर प्रवेश कर गए और गोदाम में रखा हबीबुर्रहमान उर्फ लल्लन और मोहम्मद अलसम व मोहम्मद सोएब का करीब ढाई लाख का कपड़ा उठा ले गए।
पीड़ितों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। गौरतलब है कि दो माह से लूट और चोरी की चार घटनाएं बरदहिया बाजार में घटित होने से अन्य व्यवसायी भी सहमे हुए हैं। प्रभारी कोतवाल दिनेश यादव ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।