पौली क्षेत्र के कुड़वा गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
पौली/रोसया। क्षेत्र के कुड़वा गांव में बुधवार को शार्ट सर्किट से लगी आग में चार लोगों के छप्पर जल गए साथ ही उनमें रखे सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। पांच बकरियां और 12 मुर्गियां भी जिंदा जल गईं। गांव के लोगों ने दो घंटे तक कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। समय से सूचना देने के बाद भी आग बुझने के बाद पहुंचे अग्निशमन कर्मियों को लोगों ने खरी-खोटी सुनाई।
कुड़वा निवासी रईस अहमद के छप्पर में बिजली के बोर्ड से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग लपटें देख जब तक लोग पहुंचे, जहीर अहमद, मोहम्मद साजिद और अमीरुन्निशा के छप्परों को भी आग की लपटों ने अपनी आगोश में ले लिया। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। जो जहां था वहीं से आग बुझाने के लिए दौड़ पड़ा। उसके बाद करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
रईस अहमद ने बताया कि उनकी बाइक, साइकिल और चूड़ी की दुकान जल गई है। जहीर अहमद की 12 मुर्गियां और मोहम्मद साजिद की पांच बकरियां जिंदा जल गईं। जहिरुन्न निशा ने बताया कि उनके बेटे की शादी 18 अप्रैल को है। उसके लिए बेटे ने 50 हजार रुपये मुंबई से भेजे थे, वह भी आग में जल गए।
ग्रामीण अहसन और हलीम ने बताया कि आग की सूचना देने के लिए कई बार यूपी-100 नंबर पर फोन किया गया लेकिन फोन नहीं उठा। उसके बाद किसी ने पुलिस को खबर दी। बुझने के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मी पहुंचे तो गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फायर कर्मी वीरेंद्र यादव ने गांव वालों को समझाया कि 101 नंबर डायल करने पर फोन अक्सर अंबेडकरनगर जिले में उठता है। इसकी सूचना यहां विलंब से होती है। बताया कि इस तरह की घटना होने पर 9454494113 और 9454404114 पर फोन करें। इससे जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच जाएगी।