धनघटा। महुली क्षेत्र के शनिचरा पूर्वी में कुछ दिन पूर्व संदिग्ध दशा में जलकर घायल हुई महिला कमरे में बंद मिली। पड़ोसी की सूचना पर 108 नंबर की एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले जाया गया।
सीएचसी नाथनगर मे तैनात 108 एंबुलेंस के चालक कमल यादव और सहायक प्रदीप कुमार यादव को शनिचरा पूर्वी गांव में संदिग्ध हाल में जल कर गंभीर रूप से घायल एक विवाहिता को एक माह से कमरे कैद रखकर पति द्वारा खुद ही इलाज किए जाने की सूचना मिली।
एंबुलेंस पहुंची तो परिजन घर से गायब मिले। पड़ोसियों की मदद से कमरे में पहुंचे कर्मिंयो को बेहोशी हालत में मिली। वह जली हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त महिला लगभग एक माह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में जल कर घायल हो गई थी। परिजन दुकान से दवा लाकर खुद ही उसका इलाज कर रहे थे।
किसी को जली महिला से मिलने नही दिया जा रहा था। एसओ ईश्वरचंद्र प्रधान ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं हैं। यदि तहरीर मिली तो मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।