बखिरा पुलिस ने बुधवार को लूट की योजना बनाते दौरान नंदौर चौराहे के पास से तीन बदमाशों को पकड़ा। बदमाशों की बाइक की सीट के नीचे छुपाए गए असलहें और कारतूस को पुलिस ने बरामद किया। पकड़े गए बदमाश बैंक से रकम निकालने गए एक व्यक्ति को लूटने की फिराक में थे। वहीं पुलिस पकड़े गए बदमाशों की क्रिमिनल हिस्ट्री तलाशने में जुट गई।
एसओ दिनेश यादव ने बताया कि बुधवार को दोपहर में सूचना मिली कि तीन बदमाश बिना नंबर की बाइक से नंदौर चौराहे के पास मौजूद हैं। वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस टीम को देख कर बदमाश भागने लगे। जिन्हें पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर बदमाशों ने बताया कि बिना नंबर की बाइक के नीचे असलहा छुपाकर रखा गया है। नंदौर स्थित ग्रामीण बैंक की शाखा से रकम निकाल कर आने वाले एक व्यक्ति को लूटने की फिराक में थे।
बदमाशों के बताने के बाद उनकी गाड़ी की सीट के नीचे से छुपाया गया तमंचे और कारतूस को बरामद कर लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान विवेक उर्फ सोनू अग्रहरि निवासी बालूशासन कोतवाली, संजय यादव निवासी रानीपुर और अकरम खान निवासी कड़जी रुस्तमपुर थाना धनघटा के रूप में हुई। बदमाशों ने बताया कि गोरखपुर जिले के निवासी और गोरखपुर जेल में बंद एक चर्चित बदमाश ने उन्हें वारदात के लिए भेजा था।
बदमाशों का एक साथी पुलिस की पकड़ से दूर हो गया है। पूछताछ में भागे बदमाश की पहचान कर ली गई है, जो बखिरा क्षेत्र का ही निवासी है। बदमाशों के खिलाफ लूट की योजना बनाने और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। फरार बदमाश की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।