संतकबीरनगर। स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने बुधवार की शाम चोरी की बाइक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बाइक चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि स्वाट टीम अल्फा के प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह व चौकी इंचार्ज बरदहिया बलराम पांडेय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने बुधवार की शाम रैना पेपर मिल के सामने एक ढाबे से कटबंध, थाना कोतवाली खलीलाबाद निवासी शहबान अली पुत्र शौकत अली और कसैला निवासी विशाल गुप्ता पुत्र जगनरायन गुप्ता को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक बाइक बरामद हुआ। पकड़े गए बाइक चोरों ने पूछताछ में बताया कि 30 सितंबर को वे दोनों घर से बरदहिया बाजार आए थे। खर्चे के लिए पैसे नहीं थे। बरदहिया बाजार के दुर्गानगर गली में यह बाइक खड़ी थी। विशाल गुप्ता ने एक चाभी बाइक में लगाई तो वह स्टार्ट हो गई। बाइक को लेकर कटबंध की तरफ गए और बाग में बाइक का नंबर प्लेट खुरच दिए। नंबर प्लेट को उल्टा लगा दिए। तब से इसी बाइक से इधर उधर घूमते थे। बुधवार को इसे बेचने के लिए लाए थे और पकड़ लिए गए। एसपी ने बताया कि दोनों बाइक चोरों को जेल भेज दिया गया है।