आमने-सामने से टकराए कंटेनर, खलासी और चालक की मौत
फोटो
दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग के मूडाडीहा बेग गांव के पास शुक्रवार की देर रात हुई घटना
झारखंड के हजारी बाग के रहने वाल थे दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
सेमरियावां/लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर मूडाडीहा बेग गांव के पास शुक्रवार की देर रात दो कंटेनर आमन- सामने टकरा गए। दुर्घटना में एक कंटेनर के चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी सेमरियावां भिजवाया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खलासी की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। जबकि मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान चालक की भी मौत हो गई।
बीएमसीटी मार्ग पर मेंहदावल की तरफ से एक खाली कंटेनर बस्ती की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस्ती की तरफ से एक कंटेनर सीमेंट लेकर सेमरियावां की तरफ आ रहा था। दोनों कंटेनर मूडाडीहा बेग के पास टकरा गए। खाली कंटेनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस कंटेनर के चालक मनीष निवासी झुझुली थाना बरकट्टा हजारीबाग झारखंड और खलासी चंदन यादव निवासी घघरी थाना बरकट्टा हजारीबाग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों कंटेनर की टक्कर इतनी तेज थी कि खाली कंटेनर का टायर फट गया। टक्कर की आवास सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने दुुधारा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसआई अनिल सिद्घार्थ पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद बीएमसीटी मार्ग पर करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटवाकर आवागमन शुरू कराया। दुधारा थाने के एसआई अनिल सिद्घार्थ ने बताया कि हादसे में खलासी और चालक की मौत हो गई है।