संतकबीरनगर जिले में मंगलवार को तीन स्थानों पर आग की घटनाएं हुईं। इससे कुल 41 बीघा गेहूं की फसल जल गई। वहीं महुली क्षेत्र के मडहाजोत में आग बुझाने की कोशिश में छह लोग मामूली रूप से झुलस गए।
महुली क्षेत्र के मडहाजोत सीवान में मंगलवार शाम शॉर्ट सर्किट आग लग गई। इससे 15 बीघा गेहूं की फसल जल गई। शॉर्ट सर्किट से आग सबसे पहले अब्दुल्लाह और जैनुल्लाह के खेत में लगी। इसके बाद हवा के झोकों के साथ फैलती हुई चंद्रिका यादव, बेचू यादव, गोपाल दूबे, विंनदेश्वरी दूबे, सूर्यलाल, हफीज अंसारी, ग्रीश चंद मिश्र, किसान व जब्बार के खेत में पहुंच गई। आग की जानकारी मिलते ही मडहाराजा, दोकड़ा, दीनाराय पुरवा, महुली आदि गांवों के ग्रामीणों के साथ एसओ महुली संतोष तिवारी, एसआई प्रदीप सिंह काफी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मदद से भीड़ आग बुझाने में जुट गई। एक समय ऐसी स्थित बनी की लोग आग बुझाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागने पर मजबूर हो गए।
आग बुझाने की कोशिश के दौरान चंद्रिका यादव, पुरूषोत्तम मिश्र, सहित छह लोग मामूली रूप से झुलस भी गए। करीब एक घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया गया। लोगों ने बताया कि मडहाराजा गांव निवासी जब्बार का आधा बीघा, अब्दुल्लाह और जैनुल्लाह का दो बीघा, महुली निवासी किसान मिश्र का डेढ़ बीघा, चंद्रिका यादव का ढाई बीघा, ग्रीशचंद मद्घेशिया का डेढ़ बीघा, बेचू यादव का आधा बीघा, बिन्देश्वरी दूबे का आधा बीघा, गोपाल दूबे का एक बीघा, सूर्यलाल गुप्ता का ढ़ाई बीघा तथा हफीज का दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस पोल से शार्ट सर्किट हुआ है। उस पोल से ग्यारह हजार विद्युत सप्लाई जाती है। तीन तारों वाले इस पोल का बीच वाले तार के लिए जो क्लैंप लगा है। उसे नट बोल्ट के बजाय पतला तार लपेट दिया गया था। जो हवा के तेज झोकें के कारण दूसरे तार से जाकर सट गया। जिससे निकली चिंगारी से आग लग गई। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन भी किया।
धनघटा क्षेत्र के महुरईया गांव के रामबरन के खेत में मंगलवार शाम करीब छह बजे आग लग गई। जिससे उनके खेत के बगल स्थित महुरईया व ददरवार गांव निवासी जगदीश, रामनरेश, रामप्यारे , हरदेव, देवनरायन, मुराली , रामदुलारे व रामदास की भी गेहूं की फसल आग की चपेट में आकर जल गई। देखते ही देखते करीब 25 बीघा फसल जलकर राख हो गई। अगल बगल के गांवों के लोगों ने दो घंटे की कड़ी मशक्त के बाद किसी तरह आग पर काबू पा सके। लोगों ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को भी दी।
वहीं खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के बालू शासन गांव के पास महुआ जलाने के दौरान फैली आग से एक बीघा गेहूं की फसल जल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। पीड़ित बेचन शर्मा ने बताया कि गांव के पास महुआ जलाया जा रहा था, इसी बीच गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे एक बीघा गेहूं की फसल जल गई है।