हैंसर। बारीडीहा गांव में चल रहे जमीन विवाद में महिला के परिवार समेत इच्छा मौत की राष्ट्रपति से अनुमति मांगे जाने के प्रकरण में शनिवार को एसडीएम और एसओ गांव में पहुंचे और प्रधान पति समेत गांव के चार लोगो को हिरसात में ले लिया। जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
रीता देवी पत्नी शंकर यादव ने शुक्रवार को डीएम के समक्ष पहुंच कर परिवार समेत इच्छा मृत्यु की अनुमति इस कारण मांगी की उसके मकान को ढहवाने की फिराक में प्रधान समेत गांव के कुछ लोग लगे हुए है। उसका आरोप है कि अगर मकान को गिरा दिया जाएगा तो पूरा परिवार उजड़ जाएगा।
इससे अच्छा मरना ही है। शनिवार की सुबह होते ही एसडीएम बाबूराम और एसओ संतोष कुमार तिवारी बारीडीहा गांव में पहुंचे। जहां मौके पर पहुंच कर गांव के लोगो से पूछताछ करने के बाद प्रधान पति रमेश चौरसिया समेत चार लोगो को लेकर थाने चले आए। एसओ ने बताया कि गांव के कुछ लोग माहौल खराब करना चाहते है।
जिन्हे हिरासत में ले लिया गया है। जिस मकान को लेकर रीता देवी पत्नी शंकर यादव इच्छा मृत्यु की मांग कर रही है, वह मकान गडढे की भूमि में है । जिसकी कार्रवाई तहसील में चल रही है। प्रधान पति समेत चार लोग गांव का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे है। इन चारों लोगों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में पाबंदी की कार्रवाई की जाएगी।