धनघटा। महुली क्षेत्र के तरयापार में हुई मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के 25 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। बुधवार को लग्जरी गाड़ी से पहुंचे कुछ अराजक तत्वों को गांव वालों ने दौड़ा लिया। उसके बाद फिर गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस और डायल 100 नंबर की टीम पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने गई।
जबकि गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। इधर, मारपीट में घायल हुआ अरमान पीजीआई लखनऊ में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। सोमवार की रात जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। मारपीट में दोनों तरफ के 13 लोग घायल हो गए थे। जबकि तीन बाइक और बोलेरो सहित पांच गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त कर दी गई थीं।
दोनों पक्षों की ओर से पुलिस ने 25 नामजद और कुछ अज्ञात पर केस दर्ज किया। जबकि 29 लोगों को शांति भंग की आशंका में पाबंद किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार की सुबह एक स्कार्पियो में छह-सात बाहरी लोगों के पहुंचते ही गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
बाहरी लोगों के गांव में मारपीट करने के लिए पहुंचने की सूचना फैलते ही ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर निकल पड़े। ग्रामीणों को आता देख स्कार्पियो सवार भाग निकले। प्रभारी एसओ एसबी सिंह ने बताया कि गांव में अशांति का माहौल पैदा करने वाले बाहरी तत्वों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।