बाघनगर। दुधारा क्षेत्र के करही और करमाखान गांव के सीवान में गेहूं के डंठल फूंके जाने की वजह से रविवार को आग लग गई। तेज हवा की वजह से आग फैलती हुई कई गांवों के सीवान तक पहुंच गई। इसमें 200 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। गांव में आग घुसने की आशंका को लेकर लोग भयभीत नजर आए। आस-पास के गांववालों ने अथक प्रयास पर आग पर काबू पाया। सुबह 10.30 बजे बजे लगी आग शाम पांच बजे बुझाई जा सकी। इस बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची जरूर, लेकिन पानी का इंतजाम नहीं था।
करही गांव के सीवान में डंठल से लगी आग सेमरियावां के ककरहवां पुरवां पहुंची। आग क्षेत्र के कई गांवों के सीवान तक फैल गई। जिसे देख कर लोग घबड़ा गए और आग बुझाने को सैकड़ों की भीड़ जुट गई। आग बुझाने में फायर ब्र्रिगेड को पानी की कमी महसूस हुई तो लोग पंपिंग सेट के सहारे आग बुझाने की कोशिश करने लगे। करीब साढ़े पांच घंटे बाद के बाद आग बुझाई जा सकी। घटना में ककरहवा में मजहर हुसैन की पशुओं की झोपड़ी जल गई। जबकि करही में मसूद अहमद की गन्ना की पेड़ी भी जल गई। सेमरियावां में आजम समेत पचास से अधिक किसानों का करीब 130 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गया। मूड़ाडहीबेग में करीब 12 बीघा फसल जली। आग से उपधी, चोरहा गावं वाले भी भयभीत रहे। वही डड़वामाली, करमाखान, कडजा, परसोहिया, देवरियानासिर गांव में अफरा तफरी मची रही। कड़जा गांव के प्रधान बशीर अहमद समेत कई किसानों का चालीस बीघा फसल जल गया। देवरियानासिर के मो. अरशद का एक बीघा फसल जला। इसी प्रकार महुआरी गांव के सीवान अचानक लगी आग से तीस बीघा फसल जलकर राख हो गई। क्षेत्र के रिजवान मुनीर, तनवीर चौधरी, अबूजर चौधरी, इकरामुद्दीन ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी बिना पानी के पहुंच गई । पंपिंग सेट से लोगों ने पानी मुहैया कराया और युवाओं ने कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पाया। एफएसएसओ त्रिवेणी प्रसाद ने बताया कि आग की सूचना पर फायर ब्र्रिगेड की तीन गाड़ियां भेजी गई थी। पानी लेकर गाड़ियां गई थी। आग काफी फैल चुकी थी, जिसे बुझाने में पानी कम पड़ा तो पंपिंग सेट का सहारा लिया गया।
समय से पहुंचाती गाड़ी तो बच जाती फसल
प्रधान संघ अध्यक्ष बशीर अहमद व युवा नेता रिजवान मुनीर ने कहा कि समय से फायर ब्रिगेड पहुंच गया होता तो फसल को बचाया जा सकता था। सरयू नहर की शाखा में पानी होता तब भी आग पर काबू पाया जा सकता था। अधिकांश छोटे किसानों का सब कुछ जल गया है। साल भर इन्हें रोटी कैसे मिलेगी। आग से लोग काफी परेशान हैं।
इंसर्ट-
बिना पानी के पहुंची गाड़ी तो लोग हुए नाराज
बाघनगर। आग की घटना की सूचना पर बिना पानी के फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। जिससे लोगों में गुस्सा दिखा, वैसे लोग आग बुझाने में ही व्यस्त दिखे। पंपिंग सेट के सहारे आग पर काबू पर पाया। 10.30 बजे से लगी आग शाम पांच बजे बुझाई जा सकी। ककरहवां, सेमरियावां, कडजा, आदि गांववाले आग से भय से घर से जरूरी सामान लेकर बाहर निकल पड़े।