उन्नाव। विधायक कुलदीप सेंगर व उनके भाई पर रेप सहित अन्य गंभीर आरोप लगाने वाली किशोरी का गांव व माखी थाना अब सीबीआई की जांच का मुख्य केंद्र बना है। रविवार सुबह से ही सीबीआई विधायक को लेकर किशोरी के गांव पहुंच रही है कि इसकी सुगबुगाहट से जिला प्रशासन व मीडिया अलर्ट रहा। किशोरी के गांव से शहर मुख्यालय तक सीबीआई की लोकेशन का अधिकारी पता लगाते रहे। देर शाम तक सीबीआई टीम उन्नाव नहीं पहुंची।
आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सीबीआई ने रिमांड में लेकर जांच और तेज कर दी है। जांच का मुख्य केंद्र किशोरी का गांव व माखी थाना (जो पूरे मामले का राजदार बना है) रहेगा। सीबीआई निलंबित इंस्पेक्टर, दरोगा समेत चार पुलिस कर्मियों को हिरासत में लेकर इस बात का संकेत भी दे चुकी है। रविवार सुबह करीब आठ बजे से ही सीबीआई के आरोपी विधायक को लेकर शहर पहुंचने की चर्चा रही। जिला प्रशासन शनिवार रात से ही सीबीआई के किसी भी समय होटल व किशोरी के गांव पहुंचने को लेकर अलर्ट हो गया था। किशोरी की सुरक्षा में लगी पुलिस टीम व प्रशासनिक अधिकारी सीबीआई के पहुंचने की हर वक्त जानकारी जुटाते रहे। दोपहर करीब एक बजे पुलिस स्कॉर्ट व दो लग्जरी कारों से सीबीआई के किशोरी के गांव पहुंचने की खबर फैलते ही प्रशासन व मीडियाकर्मियों में मौके पर पहुंचने की अफरातफरी मच गई। कुछ देर बाद यह सूचना फर्जी निकली। शाम तक सीबीआई केवल चर्चाओं तक सीमित रही।