कांटे। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के नेशनल हाइवे स्थित भुवरियां चौराहे के पास सोमवार की देर शाम बाइक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। जिससे बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के दलेलगंज निवासी लियाकत अली (80) सोमवार की शाम भुवरियां चौराहे पर सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान बस्ती की तरफ से आ रहे एक बाइक की चपेट में आए गए। जिससे वह सड़क पर गिर गए। जहां उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक अनियंत्रित होकर उल्टी दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। जिससे बाइक पर सवार कोतवाली क्षेत्र के भाटपार निवासी संतोष कुमार (28) और गोलू विश्वकर्मा (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कांटे पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंच गए और घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध के मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए।