कप्तानगंज पुलिस ने कच्ची शराब बनाने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया।
- फोटो : अमर उजाला
मथौली बाजार। कप्तानगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के अवैध शराब के कई ठिकानों पर छापा मारा। बड़े पैमाने पर लहन और कच्ची शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। लहन को नष्ट कर दिया गया।
एसआई महेंद्र यादव और दीनानाथ पांडेय की अगुवाई में पुलिस ने फर्दहां, मथौली बाजार, अकटहां और हरपुर बाजार आदि ईंट-भट्ठों पर छापा मारा। कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त होनी वाली लहन, नौसादर, यूरिया और करीब 40 लीटर अपमिश्रित शराब बरामद की गई।
इस मौके पर रांची निवासी बेघनाथ उराव और विनीता उराव का पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत चालान कर दिया। इस दौरान कांस्टेबल सुनील सिंह, रामसदन यादव, सुमन यादव आदि मौजूद रहे। एसओ राहुल सिंह ने बताया कि ईट भट्ठा मालिक और उनके मैनेजर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।