महिला की मौत के मामले में पति पर केस दर्ज
फोटो
कड़सर में सोमवार को सरसों के खेत मिला था महिला का शव
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम कड़सर में सोमवार को सरसों के खेत में मिले महिला के अधजले शव के मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जलने से मौत की पुष्टि हुई है। एसपी ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द मामले के पर्दाफाश के निर्देश दिए। ग्राम कड़सर निवासी ब्रह्मदेव की पत्नी अनारी देवी का अधजला शव सोमवार को सरसों के खेत में मिला था। महिला के शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जल गया था, और जीभ बाहर निकली हुई थी। मृतका के पिता और भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाया था। हालात देख पुलिस भी मामले को हत्या से जोड़ कर चलने लगी। मंगलवार को मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 95 प्रतिशत जलने के कारण उसकी मौत होने की पुष्टि हुई। एसपी आकाश तोमर ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एसओ को घटना से जुड़े सभी पहलुओ पर जांच कर पर्दाफाश करने का निर्देश दिए। उधर, मृतका के पिता रामानंद ने पति पर हत्या करने और सबूत नष्ट करने की तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है। एसओ करुणाकर पांडेय ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले से जुड़े सभी रहस्यों से पर्दा उठ जाएगा।