ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर, पांच लोग घायल
मगहर स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे के पास हुई घटना
जिला अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। स्थानीय पुलिस चौकी अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे के पास ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई। उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची र पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
शनिवार सुबह खलीलाबाद से सहजनवां की तरफ एक ट्रैक्टर ट्रॉली जा रही थी। दुर्गा मंदिर चौराहे के पास एक ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई। उसमें सवार पचपोखरी निवासी विनोद, संतोष, कोईल, मकसूद के अलावा चालक संजय चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। अगर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।